किसानों में खुशी की लहर
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज, 28 मई 2026, जनपद में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल के विशेष प्रयासों के फलस्वरूप नहरों में पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध हो गया है तथा दिनांक 25.05.2026 से नहरों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इससे जनपद के किसानों को आगामी धान एवं अन्य खरीफ फसलों की सिंचाई में बड़ी राहत मिलेगी।


अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम श्री विनोद कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में मधुबनी शाखा, महाराजगंज रजवाहा सहित लगभग 50 नहरों में जल प्रवाह सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शेष नहरों में भी चरणबद्ध तरीके से शीघ्र जल प्रवाह प्रारंभ कराया जा रहा है, ताकि जनपद के सभी क्षेत्रों तक सिंचाई का लाभ पहुंच सके।
जिलाधिकारी महोदय ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आगामी 03 से 04 दिनों के भीतर जनपद की समस्त नहरों के टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि नहर संचालन की नियमित मॉनीटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर जलापूर्ति बाधित न होने पाए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर करें। नहरों में पानी आने से डीजल पर किसानों की निर्भरता भी कम होगी।