महराजगंज जिले से सटे समूचे नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों का सघन चेकिंग अभियान शुरू
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व केन्द्रीय खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए देश के अलग-अलग जगहों से नौ संदिग्धों को दबोचा था। इसके बाद इंडो-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट कर दिया गया है।
नेपाल के रास्ते आतंकियों को फंडिग करने के साथ लॉजिस्टिक रूट की पुष्टि और विस्फोटक सामग्री बरामदगी के बाद मामलों से जुड़े फरार संदिग्धों के खुली सीमा के रास्ते नेपाल भागने या देश में घुसपैठ करने की आशंका है।
इसको लेकर महराजगंज जिले की 84 किमी नेपाल से लगी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सोनौली बॉर्डर पर नेपाल से आने वाले हर एक शख्स की सघन तलाशी ली जा रही है, वहीं पगडंडी रास्तों पर भी सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है।
इस खुलासे के बाद भारत-नेपाल के 84 किलोमीटर की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां भी इस इनपुट के बाद अलर्ट हो गई हैं। नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे हर एक नागरिक की सघनता से तलाशी ली जा रही है और उनके सामानों की जांच की जा रही है। इस दौरान डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है।
बॉर्डर की संवेदनशीलता को देखते हुए सीसीटीवी कैमरे से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मुख्य नाकों के साथ-साथ पगडंडियों पर भी सुरक्षा एजेंसी मुस्तैद हो गई हैं।
नेपाल सीमा से पड़ने वाले होटल और सरायों में तलाशी भी ली जा रही है, जिससे कोई भी देश विरोधी तत्व इस खुली सीमा का फायदा उठाकर भारत में न प्रवेश कर सके।