काठमांडू एयरपोर्ट से नेपाल एयरलाइंस का कर्मचारी गिरफ्तार

मनोज कुमार त्रिपाठी/ उमेश चन्द्र त्रिपाठी

काठमांडू! नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से लगभग 54 लाख 71 हजार नेपाली रुपये और अन्य विदेशी मुद्रा के साथ नेपाल एयरलाइंस के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।

त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा सुरक्षा कार्यालय के अनुसार सुनसरी जिले के गढ़ी गाउं पालिका के निवासी तथा वर्तमान में काठमांडू के बनस्थली में रहने वाले 50 वर्षीय कमल नारायण विश्वास को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया गया। विश्वास पिछले 16 वर्षों से नेपाल एयरलाइंस में ‘ग्राउंड इक्विपमेंट ऑपरेटर’ के रूप में कार्यरत थे और हवाई अड्डे के भीतर काम कर रहे थे।

 

बताया गया है कि वह मलेशिया की राजधानी क्वॉलालंपुर जाने के लिए बटिक एयर की उड़ान संख्या ओडी 181 से विजिट वीजा पर यात्रा करने वाले थे। आज सुबह लगभग 8:30 बजे उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सुरक्षा जांच की गई। लगेज स्कैनिंग और शरीर की तलाशी के दौरान उनके काले रंग के सूटकेस में रखी एक लोहे की कड़ाही के भीतर छिपाकर रखी गई नेपाली और विदेशी मुद्रा बरामद की गई।

हवाई अड्डा पुलिस के अनुसार जांच के दौरान यह भी पता चला कि वह विभिन्न अवसरों पर नेपाल से 26 बार विदेश यात्रा कर चुके हैं।

बरामद मुद्रा के साथ कमल नारायण विश्वास को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस को भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *