नदियों का सीना चीर रहे खनन माफिया
SDM बोले- होगी कड़ी कार्रवाई
उमेश चन्द्र त्रिपाठी / मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवां/महराजगंज। तहसील नौतनवां के थाना बरगदवां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जिगिनिहवां के समीप स्थित चंदन नदी एवं प्यास नदी में अवैध बालू खनन का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि खनन माफिया बेखौफ होकर नदियों से बड़े पैमाने पर बालू का खनन कर रहे हैं तथा उसे विभिन्न स्थानों पर डंप भी किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नदी क्षेत्र में अवैध खनन का कार्य जारी है। खनन माफिया नदी से बालू निकालकर प्लॉटों और अन्य स्थानों पर उसका भंडारण कर रहे हैं। इससे जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दिन-रात चल रहे इस अवैध कारोबार के कारण क्षेत्र में नदी कटान और भू-क्षरण का खतरा बढ़ गया है। बावजूद इसके संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
जब इस संबंध में उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे तथा जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब क्षेत्रीय जनता की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि अवैध खनन के इस खेल पर कब और कैसे अंकुश लगाया जाता है।