लखनऊ में फर्जी आईपीएस अधिकारी गिरफ्तार 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

लखनऊ पुलिस ने महानगर इलाके में सोमवार रात एक फर्जी आईपीएस को गिरफ्तार किया है। उसने गोल चौराहे पर एक दुकान से 40 रुपए का बन(पांव) खाया। इसके बाद वहां से फोरव्हीलर में सवार होकर जाने लगा। तब तक पुलिस आ गई। पुलिसकर्मियों के पूछने पर बोला- मैं नोएडा से आईपीएस अफसर हूं मुझे सैल्यूट करो।

पुलिस को संदेह हुआ तो उन्होंने आईडी कार्ड मांगा। इस पर फर्जी आईपीएस थोड़ा गुस्सा होते हुए उनके नाम पूछने लगा। उसके हाव-भाव से संदेह होने पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मामले में महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र ने बताया- हिरासत में लिए गए व्यक्ति का नाम मिथलेश शुक्ला (40) है।

महानगर के गोल चौराहे पर एक दुकान में लाल कार रुकी। उसमें 4 लोग रुके। सफेद टीशर्ट और चश्मा लगाए व्यक्ति ने 40 रुपए का बन(पांव) खाया। इसके बाद पैसे देने की बारी आई तो दुकानदार से नाम पूछा। दुकानदार के नाम बताने पर बोला कि दुकान तुम्हारी है? दुकानदार ने बताया कि उसके एक रिश्तेदार की है।

इस पर सफेद टीशर्ट वाला व्यक्ति यह कहते हुए जाकर अपनी कार में बैठ गया कि- रुको अभी तुमको बताता हूं। इस तरह से दुकान चला रहे हो। उसके कार में बैठते ही दुकान से एक लड़का क्यूआर कोड लाकर 40 रुपए पेमेंट करने को कहने लगा। इस पर वह व्यक्ति कार में बैठे हुए ही झगड़ा करता रहा।

तब तक दुकानदार ने डायल-112 पर इसकी सूचना दे दी। कुछ ही मिनट बाद 4-5 पुलिसवाले आ गए। उन्होंने चारों को नीचे उतरने को कहा। सभी नीचे उतरे लेकिन सफेद टीशर्ट वाला व्यक्ति बोला- मैं आईपीएस हूं मुझे सैल्यूट करो। मुझे नोएडा से यहां के इंस्पेक्शन के लिए भेजा गया है।

एक सिपाही बोला- आपको सैल्यूट क्यों करें? आप वर्दी पहने होते तो आपको सैल्यूट भी किया जाता और कैप भी लगाते। इस पर फर्जी आईपीएस रौब झाड़ने लगा। वह सबके नेमप्लेट पर देख-देखकर कहने लगा- अच्छा, तुम्हारा नाम यह है। रुको तुमको बताता हूं। ऐसा कैसे कर सकते हो? जब मौके पर पुलिस अधिकारी आए तब यह फर्जी आईपीएस काबू में आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *