मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा/रूपन्देही (नेपाल)। रूपन्देही जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर भारतीय नंबर प्लेट वाली दो लावारिस कारों को बरामद किया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भैरहवा सीमा शुल्क कार्यालय (बेलहिया) को सौंप दिया है।
रूपन्देही जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि सिद्धार्थनगर नगरपालिका-6 स्थित शहीद पथ क्षेत्र में विशेष सूचना के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान दो भारतीय वाहन लावारिस अवस्था में मिले।
जब्त किए गए वाहनों में यूपी 53 बीडी 0029 नंबर की हुंडई कार तथा यूपी 53 डीएफ 6980 नंबर की महिंद्रा कार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों की अनुमानित कुल कीमत करीब 27 लाख रुपये आंकी गई है।
डीएसपी चंद ने बताया कि वाहनों की बरामदगी के बाद आवश्यक जांच-पड़ताल पूरी कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए भैरहवा सीमा शुल्क कार्यालय, बेलहिया को हस्तांतरित कर दिया गया है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष निगरानी एवं तलाशी अभियानों के तहत सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से छोड़े गए वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मामले की जांच जारी है और वाहनों के स्वामित्व तथा नेपाल में उनकी मौजूदगी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।