उमेश चन्द्र त्रिपाठी/ मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के आदेश पर महराजगंज एवं फरेंदा तहसील क्षेत्र के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में 3 और 4 जुलाई 2026 को शिक्षण कार्य पूर्णतः बंद रहेगा। यह निर्णय परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की भारी संख्या, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर UPTET-2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई तक किया जा रहा है। परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन से यातायात पर अतिरिक्त दबाव रहेगा। ऐसे में विद्यालयों का संचालन होने से छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने सभी प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि UPTET-2026 का आयोजन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।