दो दिनों में शहीद पूरन बहादुर थापा की प्रतिमा पुनःस्थापित करने का अल्टीमेटम, अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने एनएचआई अधिकारियों को लगाई फटकार
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां नगर के छपवा बाईपास तिराहे पर स्थित कारगिल शहीद पूरन बहादुर थापा की स्मृति स्थल को पुनःस्थापित करने में हो रही देरी को लेकर मंगलवार को नगर पालिका परिषद नौतनवां के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कड़ा रुख अख्तियार किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि एनएचएआई के अधिकारियों की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अध्यक्ष श्री त्रिपाठी ने मंगलवार को एनएचएआई की कार्यदाई संस्था पीएनसी द्वारा स्थापित करने को लेकर अधिकारियों के साथ छपवा बाईपास तिराहे पर मौके पर पहुंचे और प्रतिमा के पुनःस्थापन में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से तीखे स्वर में कहा कि यदि दो दिनों के भीतर शहीद की प्रतिमा को पुनःस्थापित करने का कार्य शुरू नहीं किया गया तो इसके परिणाम ठीक नहीं होंगे।

बताया जाता है कि लगभग दो महीने पहले सड़क निर्माण कार्य के दौरान एनएचएआई विभाग ने छपवा तिराहे पर स्थापित कारगिल शहीद पूरन बहादुर थापा की प्रतिमा को वहां से हटाकर दूसरे स्थान पर रख दिया था। लेकिन इसके बाद से प्रतिमा को पुनः स्थापित करने में लगातार विलंब हो रहा था, जिससे नगरवासियों में आक्रोश व्याप्त था।
मौके पर अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने शहीद पूरन बहादुर थापा के परिजनों को भी बुलाया और एनएचएआई अधिकारियों से उनके सामने ही वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहीद की प्रतिमा का पुनःस्थापन जल्द कराया जाए और उसके आसपास सुंदरीकरण का कार्य भी किया जाए। यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो नगरवासियों के साथ आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
इस दौरान एनएचएआई के मैनेजर योगेश पुंडीर, नगर पालिका परिषद नौतनवां के अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, वरिष्ठ लिपिक रमाशंकर सिंह, नगर पालिका के कर्मचारी तथा शहीद के परिजन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।