डॉ. रामनारायण चौरसिया को नौतनवां विधानसभा क्षेत्र (316) का मिला प्रभार  

जताया आभार, 2027 को लेकर किया बड़ा दावा

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. रामनारायण चौरसिया को नौतनवां विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी मनोनीत किए जाने पर उन्होंने जिलाध्यक्ष श्री विजय सिंह एडवोकेट एवं विधायक माननीय वीरेंद्र चौधरी के प्रति हार्दिक कृतज्ञता एवं दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया है। इस अहम दायित्व के निर्वहन को उन्होंने पार्टी एवं जनता की अपार विश्वास की पराकाष्ठा बताया।

राहुल गांधी के नेतृत्व में बदलती राजनीतिक दिशा

डॉ. चौरसिया ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष माननीय राहुल गांधी ने सकारात्मक एवं जनोन्मुखी राजनीति की नई राह दिखाते हुए देश में व्यापक राजनीतिक परिवर्तन की नींव रखी है। उनका नेतृत्व आज देशभर में जन-आकांक्षाओं का प्रतीक बन चुका है। 

उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी—इसके स्पष्ट संकेत न केवल जमीनी हालात बल्कि विभिन्न सर्वेक्षणों में भी साफ तौर पर दिखने लगे हैं।

नौतनवां विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए डॉ. रामनारायण चौरसिया ने कहा कि यह सीट प्रारंभ से ही धर्मनिरपेक्ष एवं प्रगतिशील दलों की परंपरागत सीट रही है। वर्ष 2022 में एक लंबे अंतराल के बाद यहां एनडीए गठबंधन के सहयोगी निषाद पार्टी को सफलता मिली थी, परंतु पिछले कुछ वर्षों में भाजपा एवं उसके सहयोगियों की जन-विरोधी नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई और उपेक्षा के कारण आम मतदाताओं का इस गठबंधन से व्यापक मोहभंग हो रहा है।

उन्होंने दृढ़ता से कहा कि वर्तमान जन-आक्रोश एवं बदलता राजनीतिक समीकरण यह सिद्ध कर रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यह क्षेत्र पुनः अपनी पुरानी धारा में लौटते हुए इंडिया गठबंधन की झोली में समाहित हो जाएगा। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से आह्वान किया कि वे मिलकर इस बदलाव को साकार करें, क्योंकि यह सीट अब केवल जीतने के लिए नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और गरिमा की पुनः स्थापना के लिए लड़ी जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *