बेलहिया बॉर्डर की समस्याओं पर मंथन: ओवरलोड ट्रक, ट्रैफिक जाम और सुरक्षा व्यवस्था बनी सार्वजनिक सुनवाई का मुख्य मुद्दा

बेलहिया गांव समाज के आयोजन में सीमा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के सामने उठे कई अहम सवाल, समाधान पर हुई चर्चा।

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/बेलहिया। नेपाल के रुपन्देही जिले के सिद्धार्थनगर-1 स्थित बेलहिया में सोमवार को “बेलहिया नाका व्यवस्थापनका लागि चुनौती र समाधान” विषय पर नागरिक सार्वजनिक सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बेलहिया गांव समाज द्वारा किया गया, जबकि समन्वय ईलाका प्रहरी कार्यालय, बेलहिया ने किया। यह कार्यक्रम भैरहवा भंसार कार्यालय के सभाहल में आयोजित हुआ।

सार्वजनिक सुनवाई में बेलहिया सीमा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख रूप से ओवरलोड मालवाहक ट्रकों के कारण लगने वाला जाम, सड़क पर वाहनों की अवैध पार्किंग, अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था, खराब सड़क स्थिति और इनसे होने वाली दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया गया।

इसके अलावा सीमा पर एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) की सुरक्षा व्यवस्था, भारतीय दलालों की सक्रियता, भारतीय टैक्सियों के संचालन से जुड़ी समस्याएं तथा सीमा प्रबंधन में सुधार जैसे विषय भी प्रमुखता से रखे गए।

कार्यक्रम में भंसार (कस्टम) प्रमुख, मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ), जिला प्रहरी प्रमुख (एसपी) सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय नागरिकों और प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं व सुझाव साझा किए। बेलहिया गांव समाज के अध्यक्ष सुमन शर्मा ने सीमा क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सभी संबंधित निकायों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *