युवक को कार से कुचलने की कोशिश का आरोप, फिर आधी रात घर पर पथराव; पीड़ित परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली, महराजगंज। सोनौली थाना क्षेत्र के जुगौली/लोहिया नगर वार्ड-14 में रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक आरोपों तक पहुंच गया है। एक ओर युवक ने ₹67 हजार के लेन-देन के विवाद में कार से कुचलकर जान लेने की कोशिश का आरोप लगाया है, वहीं उसके परिजनों का दावा है कि उसी रात आधा दर्जन से अधिक लोग उनके घर पहुंचे, पथराव किया, घर में घुसने का प्रयास किया और धार्मिक टिप्पणी करते हुए धमकियां दीं।

पीड़ित कमलेश गिरी ने सोनौली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसके ₹67 हजार आरोपित पक्ष पर बकाया थे। आरोप है कि रुपये लौटाने के बहाने उसे अलग-अलग स्थानों—पिपरहिया चौराहा, श्यामकाट पुल के नीचे और जसवल रोड स्थित भगवानपुर—बुलाया गया। जब वह वहां पहुंचा तो कोई नहीं मिला। फोन पर संपर्क करने पर कथित रूप से आरोपित भड़क गए और जान से मारने की धमकी देने लगे।
तहरीर के अनुसार, पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसकी पल्सर बाइक (UP56 AP 3206) में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार (UP53 BQ 1641) से जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में कमलेश गिरी घायल हो गया तथा उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि हमलावर मौके से फरार होने से पहले दोबारा जान से मारने की धमकी भी देकर गए।

इसी घटना के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य गणपत गिरी ने आरोप लगाया कि देर रात करीब 1:30 बजे छह-सात लोग उनके घर पहुंच गए। उनके अनुसार, हमलावरों ने घर को चारों ओर से घेर लिया, छत पर चढ़ने की कोशिश की, खिड़कियों और जंगले पर ईंट-पत्थर बरसाए तथा बाहर खड़े वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
गणपत गिरी का आरोप है कि आरोपितों ने परिवार को धार्मिक आधार पर अपमानित करते हुए धमकियां भी दीं। उनका कहना है कि यदि परिवार सतर्क न होता तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत में अजमत अली, हबीब खान , मंसूर, मोमिना खातून सहित अन्य लोगों को नामजद करते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि शिकायत और मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।
पुलिस का पक्ष
सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर और दर्ज प्रकरण के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस की आगामी कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।