राजस्थान की छात्रा की दर्दनाक मौत के बाद नौतनवा-सोनौली में जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को किया गया सतर्क

शोकसभा में दिवंगत छात्रा को दी गई श्रद्धांजलि, अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा, महराजगंज। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय छात्रा के साथ हुई कथित अमानवीय घटना और उपचार के दौरान उसकी दर्दनाक मौत से पूरे देश में शोक और आक्रोश का माहौल है। इसी क्रम में नौतनवा और सोनौली क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया गया।

नौतनवा हिन्दूधर्म गोशाला समिति के संरक्षक ओमप्रकाश वर्मा तथा सोनौली के भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम जायसवाल सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नौतनवा-सोनौली के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया। अभियान के दौरान बच्चों को अपरिचित लोगों से सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जानकारी अपने अभिभावकों और शिक्षकों को देने तथा हमेशा माता-पिता के संपर्क में रहने की सलाह दी गई।

इसी क्रम में सोनौली के एक सार्वजनिक स्थल तथा नौतनवा स्थित जी.एस. मॉडर्न एकेडमी के प्रांगण में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत छात्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि समाज को बच्चों की सुरक्षा के प्रति और अधिक सजग होने की आवश्यकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दें और उनके दैनिक गतिविधियों पर नियमित नजर रखें, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *