टेलीग्राम और एक्स पर फर्जी आईडी बनाकर बेचते थे अश्लील वीडियो के लिंक, 290 से 499 रुपये तक ऑनलाइन वसूली का खुलासा
साइबर सर्विलांस की सटीक ट्रैकिंग से सिंदुरिया के कसमरिया गांव में दबिश, मोबाइल, कंप्यूटर समेत कई डिजिटल उपकरण बरामद
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अश्लील वीडियो के लिंक बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सिंदुरिया थाना क्षेत्र के कसमरिया गांव में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह टेलीग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को अश्लील वीडियो के सैंपल भेजता था और फिर पूरे वीडियो का लिंक उपलब्ध कराने के नाम पर 290 से 499 रुपये तक ऑनलाइन वसूली करता था।
पुलिस के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों और साइबर सर्विलांस टीम की मदद से गिरोह के नेटवर्क की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर, सीपीयू, डेटा केबल सहित कई डिजिटल उपकरण बरामद किए। जांच में आरोपियों के कब्जे से फर्जी सोशल मीडिया आईडी, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के स्क्रीनशॉट और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं तथा इसकी पहुंच किन-किन राज्यों तक थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध और अश्लील सामग्री के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। मामले की विस्तृत जांच कर डिजिटल नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।