“50 लाख की योजना, लेकिन ऐसा शौचालय कि अंदर जाने से पहले नाप लें अपनी कमर!”

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा, महराजगंज। नौतनवा नगर पालिका क्षेत्र स्थित श्री राम-जानकी मंदिर (मर्चहवा बाबा की कुटी) परिसर में वंदन योजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों के बीच बने एक शौचालय की तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बन गए हैं। स्थानीय लोग इसके डिजाइन और आकार को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर के विकास के लिए करीब दो करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हुई है। इसके तहत सड़क, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, धर्मशाला और शौचालय सहित विभिन्न कार्यों के लिए करीब 50 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई। अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग ठेकेदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सबसे अधिक चर्चा शौचालय के निर्माण को लेकर हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय का आकार और अंदर की जगह इतनी कम है कि सामान्य व्यक्ति को भी उसका उपयोग करने में कठिनाई हो सकती है। लोगों का आरोप है कि यदि कोई अंदर चला जाए तो बाहर निकलना भी मुश्किल हो सकता है। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

हालांकि, शौचालय निर्माण पर कितनी राशि खर्च हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन निर्माण की गुणवत्ता, डिजाइन और मानकों को लेकर स्थानीय लोगों ने जांच की मांग उठाई है।

यदि वायरल वीडियो और मौके की स्थिति सही पाई जाती है, तो संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सार्वजनिक धन का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप हुआ है या नहीं।

नोट: यह समाचार स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों और मौके पर दिखाई दे रही स्थिति के आधार पर तैयार किया गया है। निर्माण एजेंसी, संबंधित विभाग या नगर पालिका का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *