खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, भाजपा नेता जितेन्द्र जायसवाल ने मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। नौतनवां तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पुरैनिहाँ में खलिहान की सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यकारिणी सदस्य जितेन्द्र जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि ग्राम सभा पुरैनिहाँ की आराजी संख्या 132, रकबा 0.138 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में खलिहान की भूमि के रूप में दर्ज है, उस पर गांव निवासी फरियाद पुत्र सुबराती द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिया गया है।

जितेन्द्र जायसवाल का कहना है कि इस संबंध में ग्रामीणों ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन तहसील प्रशासन ने सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के बजाय कथित रूप से फर्जी रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण कर दिया। उन्होंने इसे शासनादेशों की मंशा के विपरीत बताते हुए निष्पक्ष जांच एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद को भी भेजी गई है।

(यह समाचार मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष एवं प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *