मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज/नौतनवा। हिंदू रक्षा दल और करणी सेना के पदाधिकारियों ने नौतनवा क्षेत्र से जुड़े दो अलग-अलग जनहित और कानून-व्यवस्था संबंधी मुद्दों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
पहले प्रकरण में हिंदू रक्षा दल के विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी एवं ब्लॉक अध्यक्ष रामप्रीत कनौजिया ने कोतवाली सोनौली प्रभारी को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम लोधपुरवा निवासी एक युवक द्वारा संचालित बताए जा रहे इंस्टाग्राम अकाउंट से भारतीय जनता पार्टी, हिंदू समाज और हिंदूवादी संगठनों के खिलाफ कथित रूप से अश्लील, अभद्र एवं आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। संगठन ने पूरे मामले की साइबर एवं तकनीकी माध्यम से निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
वहीं दूसरे ज्ञापन में करणी सेना के जिला अध्यक्ष सत्यम सोनी ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र, जो उपजिलाधिकारी नौतनवा के माध्यम से भेजा गया, में सावन माह के दौरान नौतनवा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं धार्मिक आस्था के मद्देनजर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में सावन के दौरान मांस एवं मांसाहार से संबंधित दुकानों के संचालन के संबंध में लागू नियमों के अनुसार उचित निर्णय लेने, खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच कराने, कांवड़ यात्रियों के लिए पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
संगठनों का कहना है कि इन मांगों का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इन प्रार्थना-पत्रों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।