मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवा (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नौतनवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कस्बे के उस्मान नगर में एक मकान पर कार्रवाई कर नेपाल तस्करी के लिए रखे गए 17 गठ्ठर जूते-चप्पल बरामद किए हैं। बरामद माल की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई 2026 को थाना नौतनवा पुलिस ने वार्ड संख्या-09 स्थित उस्मान नगर में कार्रवाई की। तलाशी के दौरान मकान से 17 गठ्ठरों में जूते एवं चप्पल बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में राजेन्द्र शर्मा (56 वर्ष), पुत्र मांगेराम शर्मा, निवासी वार्ड संख्या-09, उस्मान नगर, थाना नौतनवा को गिरफ्तार किया।
बरामदगी के संबंध में धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेजा जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक रोहित यादव, महिला उपनिरीक्षक अनामिका चौहान समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।