उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नई दिल्ली/लखनऊ। पेपर लीक के मुद्दे पर देशभर में सक्रिय Cockroach Janta Party (CJP) ने अब उत्तर प्रदेश में बड़े आंदोलन के संकेत दिए हैं। पार्टी के आधिकारिक राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में शामिल आशुतोष रांका ने योगी आदित्यनाथ सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में पेपर लीक के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेश में जंतर-मंतर से भी बड़ा छात्र आंदोलन देखने को मिलेगा।

आशुतोष रांका ने कहा, “अगर योगी जी यह वीडियो देख रहे हैं, तो उन्हें अब चिंता करने की ज़रूरत है। जंतर-मंतर पर उत्तर प्रदेश से जितने लोग आए थे, उससे कई अधिक लोग उत्तर प्रदेश में धरने के समय मौजूद रहेंगे।” उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के छात्र और युवा अब अपने भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरेंगे।
रांका ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। उनका कहना है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

कौन हैं आशुतोष रांका?
आशुतोष रांका वर्तमान में Cockroach Janta Party (CJP) के आधिकारिक राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में से एक हैं। पार्टी में उनके साथ सौरव दास और विजेता दहिया भी आधिकारिक प्रवक्ता की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। CJP से जुड़ने से पहले आशुतोष रांका राजस्थान में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े रहे थे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उस दौरान उन्होंने पार्टी में एक संगठनात्मक भूमिका भी निभाई थी।
आशुतोष रांका के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में पेपर लीक का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, उनके दावों और सरकार पर लगाए गए आरोपों पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से इस बयान के संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।