दुर्गा प्रसाई और माधब कल्पित के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
मनोज कुमार त्रिपाठी
काठमांडू/नेपाल। नेपाल के सुनसरी जिले में हुए चर्चित गोलीकांड के विरोध में राजधानी काठमांडू की सड़कों पर जनाक्रोश फूट पड़ा। नागरिक बचाउ महाअभियान, नेपाल के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाई और नागरिक बचाउ दल, नेपाल के सभापति माधब कल्पित के नेतृत्व में माइतीघर मंडला में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। इस दौरान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सुनसरी गोलीकांड में एक व्यक्ति की मौत और दर्जनों लोगों के घायल होने के बावजूद अब तक जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
माइतीघर मंडला में हुए विरोध प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवा समूहों और आम नागरिकों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, घायलों के निःशुल्क एवं समुचित उपचार तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।
दुर्गा प्रसाई और माधब कल्पित ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों के जीवन, धार्मिक आस्था और सुरक्षा की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सुनसरी गोलीकांड को लेकर नेपाल के विभिन्न हिस्सों में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। राजधानी काठमांडू में माइतीघर मंडला पर हुआ यह प्रदर्शन सरकार पर बढ़ते जनदबाव का संकेत माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें सरकार की आगामी कार्रवाई और जांच के परिणाम पर टिकी हुई हैं।