मनोज कुमार त्रिपाठी
काठमांडू/नेपाल। राष्ट्र, राष्ट्रियता, धर्म, संस्कृति र नागरिक बचाउ महाअभियान, नेपाल ने देशवासियों से सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की अपील की है। संगठन की ओर से जारी हार्दिक अपील में कहा गया है कि नेपाल विविधता में एकता का देश है, जहां विभिन्न धर्म, जाति, भाषा और संस्कृति के लोग सदियों से सहअस्तित्व और पारस्परिक सम्मान के साथ रहते आए हैं।

अपील में सभी नेपाली नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे धार्मिक या सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाले किसी भी प्रयास से दूर रहें और शांति, न्याय, मानवता तथा आपसी सम्मान के मार्ग पर चलें। संगठन ने कहा कि “हमारा सबसे बड़ा धर्म मानवता है” और किसी भी प्रकार की हिंसा, उकसावे या घृणा की राजनीति से बचते हुए सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

संगठन ने वर्तमान परिस्थितियों में समस्त नेपाली दिदी-बहनों और दाजुभाइयों से सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और न्याय के पक्ष में एकजुट होकर खड़े होने की अपील की है।
यह अपील नागरिक बचाउ दल नेपाल के सभापति माधव कल्पित तथा राष्ट्र, राष्ट्रियता, धर्म, संस्कृति र नागरिक बचाउ महाअभियान, नेपाल के केन्द्रीय अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद प्रसाई के हस्ताक्षर से जारी की गई है।