नहाने गए चार दोस्तों में तीन की गई जान, गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक हादसा
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज/कोठीभार। महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के मीराबाई नगर वार्ड संख्या 25 स्थित पोखरा टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव के चार बच्चे—राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार—निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। नहाने के दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

तीनों को डूबता देख राजबीर घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।