सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक ट्रकों का लगा 10 किमी लंबा जाम, यातायात प्रभावित 

नियम तोड़ने वाले 72 वाहनों का चालान

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

सोनौली महराजगंज! 

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली

बॉर्डर पर बीते एक सप्ताह से निर्यात-आयात कार्य के बढ़ते दबाव और शनिवार छुट्टी के चलते मालवाहक ट्रकों की करीब 10 किलोमीटर लंबी कतार लग गई है। 

नेपाल के भैरहवा भंसार (कस्टम) परिसर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से ट्रकों को समय पर प्रवेश नहीं मिल पा रहा है, जिससे भारतीय सीमा क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी हुई है।

रविवार को नेपाल का भैरहवा भंसार परिसर पूरी तरह भर जाने के कारण शाम छह बजे तक केवल 72 मालवाहक वाहनों को ही प्रवेश मिल सका। इसके चलते भारतीय सीमा में ट्रकों की लंबी लाइन लग गई और जाम में बड़ी संख्या में यात्री भी फंस गए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सोनौली पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। जाम के संबंध में सोनौली कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सीमा पर ट्रकों की संख्या बढ़ने के कारण लंबी कतार लग रही है। पुलिस वाहनों को निर्धारित क्रम में खड़ा कराकर आवागमन सामान्य बनाए रखने का प्रयास कर रही है। 

उन्होंने कहा कि लाइन तोड़ने या अवैध कटिंग कराने वाले ट्रक चालकों और इसमें संलिप्त दलालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 72 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कुल 2 लाख 15 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, निर्धारित लाइन में ही वाहन खड़ा करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *