राहुल सिंह
फरेंदा/महराजगंज। महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावर ने पहले कॉलोनी में ड्यूटी कर रहे चौकीदार पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसकी पत्नी को जबरन उठाकर पास स्थित एक परित्यक्त रेलवे भवन में ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद घायल चौकीदार ने किसी तरह रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चौकीदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज भेजा। वहीं, महिला के लापता होने पर पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। कुछ ही देर बाद महिला को रेलवे कॉलोनी के एक परित्यक्त भवन से अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया। प्राथमिक पूछताछ के बाद उसे भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए और पूरी रात आरोपी की तलाश में दबिश देती रही। आखिरकार मंगलवार तड़के करीब चार बजे पुलिस ने महुलानी गांव के मोड़ से आरोपी नीरज पाण्डेय, निवासी ग्राम सभा महुलानी, टोला सिकंदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। घायल चौकीदार का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पीड़ित महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी।