शाहपुर थाना क्षेत्र के चरगावां स्थित इंटर कॉलेज के गेट पर छुट्टी के बाद हुआ बवाल, जांच में जुटा स्कूल प्रशासन
कृष्णकांत त्रिपाठी / मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरगावां स्थित एक इंटर कॉलेज के मुख्य गेट पर बुधवार शाम छुट्टी के बाद छात्राओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे छुट्टी के बाद छात्राएं स्कूल से बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो छात्राओं के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की छात्राएं आमने-सामने आ गईं और सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई।

घटना के दौरान स्कूल गेट के बाहर राहगीरों और अन्य छात्रों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष काफी देर तक एक-दूसरे से भिड़े रहे।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया। गुरुवार को विवाद में शामिल छात्राएं स्कूल नहीं आईं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी छात्रा दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ विद्यालय के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।