मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर। पीआरडी सम्मेलन एवं कैशलेस स्वास्थ्य योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छा शासन केवल व्यवस्था नहीं बदलता, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रदेश में पुलिसकर्मियों के लिए उचित बैरक तक उपलब्ध नहीं थे। आज सरकार के प्रयासों से पुलिस के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश के 56 जिलों में पुलिस के भवन आज प्रदेश की ऊंची और प्रमुख इमारतों में शामिल हैं।
सीएम योगी ने इस बदलाव को सुशासन और बेहतर प्रशासन का उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका असर जमीन पर दिखाई देना है। पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सुविधासंपन्न बनाने के साथ ही कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के इस बयान ने प्रदेश में पिछले वर्षों में हुए पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर के बदलाव को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया।





