सोनौली में कंपोजिट शॉप पर बैठाकर परोसी जा रही शराब, आबकारी नियमों की अनदेखी का आरोप

गेस्ट हाउस परिसर में संचालित दुकान का मामला, कैमरे में कैद हुई शराब सेवन की तस्वीरें; आबकारी निदेशक ने जांच व कार्रवाई की बात कही

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कस्बे में एक गेस्ट हाउस परिसर में संचालित अंग्रेजी शराब एवं बीयर की कंपोजिट शॉप पर आबकारी नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान पर निर्धारित तरीके से शराब की बिक्री करने के बजाय लोगों को बैठाकर शराब का सेवन कराया जा रहा है।

कई दिनों से मिल रही शिकायतों के बाद जब मामले की पड़ताल की गई तो दुकान के अंदर शराब का सेवन कराए जाने की स्थिति सामने आई। मौके पर मौजूद एक युवक कैमरे में रिकॉर्डिंग होते देख घबरा गया और आनन-फानन में दरवाजा बंद कर लिया। इस दौरान युवक के मुंह से निकली बातचीत भी कैमरे में रिकॉर्ड हुई।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कंपोजिट शॉप में शराब की बिक्री के साथ ग्राहकों को बैठाकर शराब परोसी जा रही है, जो आबकारी नियमों के विपरीत है। कंपोजिट शॉप का लाइसेंस निर्धारित श्रेणी की शराब की बिक्री के लिए होता है, न कि दुकान परिसर में बैठाकर उसका सेवन कराने के लिए।

मामले में आबकारी निदेशक गौरव चंद्रा से बातचीत की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपोजिट शॉप पर बैठाकर शराब परोसना नियमों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि जांच में आरोप कितने सही पाए जाते हैं और संबंधित दुकान के खिलाफ आबकारी विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *