महराजगंज जिले में चाक-चौबंद 

सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मनेगा ईद पर्व 

330 ईदगाह, 360 मस्जिदों में नमाज, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

आपसी भाईचारा और सौहार्द पूर्ण वातावरण में मनाएं ईद का पर्व – पुलिस अधीक्षक 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! 

ईद-उल-फितर के पावन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा 

ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। आगामी 21 मार्च (शनिवार) को मनाए जाने वाले इस महत्वपूर्ण त्योहार को देखते हुए पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

जिले को सुव्यवस्थित सुरक्षा प्रबंधन के तहत 4 जोन और 19 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

मिली जानकारी के मुताबिक जनपद में 330 ईदगाहों और 360 मस्जिदों में पारंपरिक तरीके से नमाज अदा की जाएगी। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्र होने को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए 137 क्लस्टर मोबाइल टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए रखेंगी। इसके साथ ही पीएसी बल को भी तैनात किया गया है, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा।

संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। ड्रोन कैमरों, CCTV और एंटी-सबोटाज चेकिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा हर छोटी-बड़ी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *