उमेश चन्द्र त्रिपाठी
काठमांडू! चीन की ओर से आई भीषण बाढ़ के भोटेकोशी होते हुए त्रिशूली नदी की ओर बढ़ने से नेपाल में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। संभावित जोखिम को देखते हुए काठमांडू से धादिङ, रसुवा और चितवन की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
उपत्यका ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के अनुसार, सड़क और नदी के आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए नागढुंगा और भीमढुंगा नाका से बाहर जाने वाले वाहनों को फिलहाल काठमांडू में ही रोककर होल्ड किया गया है।

प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ के कारण नदी के जलस्तर में वृद्धि और सड़क मार्ग प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
जोखिम की स्थिति सामान्य होने तक धादिंग, रसुवा और चितवन की ओर यात्रा करने से बचने की अपील की गई है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से मौसम और स्थानीय प्रशासन की सूचनाओं पर ध्यान देने तथा आवश्यक न होने पर जोखिम वाले क्षेत्रों की यात्रा नहीं करने का आग्रह किया है।

संभावित बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए संबंधित निकायों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


