उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज, कोल्हुई थाना क्षेत्र के गोरखपुर-सोनौली हाईवे स्थित गुरचिहा गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। अर्टिगा कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अर्टिगा कार गोरखपुर से सोनौली की ओर जा रही थी। इसी दौरान गुरचिहा गांव की ओर से बाइक सवार एक युवक व एक किशोर हाईवे पर पहुंचे और दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार विकास (17) पुत्र चंद्रभान चौहान निवासी कैथवलियापाठक-कोल्हुई तथा दूसरा युवक अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं अखिलेश का सीएचसी में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर अर्टिगा चालक से पूछताछ शुरू कर दी है。लापरवाही पूर्वक कार चलाने का आरोप लगा उग्र हुए लोग
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गए। लोग कार चालक पर लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाने का आरोप लगा रहे थे। इस दौरान कुछ लोग उग्र भी हो गए और विवाद की स्थिति बनने लगी। पुलिस ने लोगों को समझाकर किसी तरह मामले को शांत किया। एसओ गौरव सिंह ने बताया कि हाईवे पर हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने एक घायल विकास को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।


