पुलिस पर गंभीर आरोपों को लेकर शुरू किया था आंदोलन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग पर प्रशासन ने दिया आश्वासन
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! इंडो-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कस्बे में पुलिस उत्पीड़न के आरोपों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं पत्रकार दिनेश रौनियार का अनशन शुक्रवार को समाप्त हो गया। प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
दिनेश रौनियार ने ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह पर एक विवादित मामले में कथित रूप से धन मांगने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। मामले को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित किया था।
इसके बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी निचलौल को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे ठूठीबारी कोतवाली के समीप दुर्गा मंदिर परिसर में आमरण अनशन शुरू किया गया था।
प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
अनशन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद दिनेश रौनियार ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
हालांकि, अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या निष्कर्ष सामने आता है और प्रशासन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।
दिनेश रौनियार ने इससे पहले सुनवाई नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी। ऐसे में अनशन समाप्त होने के बाद फिलहाल मामला शांत हुआ है, लेकिन पुलिस पर लगाए गए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच और उसके परिणाम पर लोगों की नजर बनी हुई है।
वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


