जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ध्वस्तीकरण को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगा नवनिर्माण- ऋषि त्रिपाठी

अमरमणि-अमनमणि के विकास के दावों पर विधायक का पलटवार—“चुनाव आते ही जनता को गुमराह करने की कोशिश होगी”

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नौतनवां की सियासत में विकास कार्यों को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का हवाला देते हुए विपक्षी दावों पर पलटवार किया है। साथ ही उन्होंने दशकों से जर्जर पड़े नौतनवां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है।

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बताया कि नौतनवां नगर के जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर उन्होंने पहले विधानसभा में मुद्दा उठाया था। इसके बाद प्रदेश के यशस्वी और लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इसके नवनिर्माण का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शासन की ओर से पत्र जारी हुआ और जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजी।

ऋषि त्रिपाठी के मुताबिक, रिपोर्ट भेजे जाने के बाद उन्होंने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य से मुलाकात कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण की मांग रखी। अब करीब चार-पांच दिन पहले महानिदेशक स्वास्थ्य की ओर से उन्हें पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई है कि जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की स्वीकृति मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि पहले पुराने भवन का ध्वस्तीकरण होगा और इसके बाद आधुनिक तकनीक के अनुरूप नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विधायक ने दावा किया कि नवनिर्माण की फाइल भी जल्द स्वीकृत होने की उम्मीद है।

“विकास की बात होगी तो काम जमीन पर दिखाई देगा”

अमरमणि त्रिपाठी की ओर से नौतनवां क्षेत्र में विकास को लेकर उठाए गए सवालों पर ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएगा, विकास के मुद्दों को हटाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यदि विकास की बात होगी तो क्षेत्र में हुए कार्यों का उदाहरण सामने है। विधायक ने रोहिणी बैराज, मुड़िला में तैयार अग्निशमन केंद्र,सेखुआनी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय और मुड़िला में करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुए कॉम्पोजिट विद्यालय का जिक्र किया।

इसके अलावा उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में बड़ी लागत से बन रही सड़कों और डांडा नहर पर पुल की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।

सेमरहवां पुल को लेकर भी बड़ा दावा

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने सेमरहवां पुल को लेकर कहा कि इसकी मांग लंबे समय से चली आ रही थी। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया था कि पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

विधायक के अनुसार, करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ग्राम सेमरहवां में पुल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और लगभग एक चौथाई काम पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि जिस काम को विरोधियों की ओर से संभव नहीं बताया जाता था, वह अब जमीन पर दिखाई दे रहा है।

ब्रह्मस्थान पुल की भी जल्द मिल सकती है मंजूरी

ऋषि त्रिपाठी ने टेढ़ी क्षेत्र के ब्रह्मस्थान पर प्रस्तावित पुल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस पुल की मांग भी लंबे समय से चली आ रही है और इसके लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है।

विधायक ने बताया कि इस संबंध में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग से पिछले सप्ताह वार्ता हुई है और शासन स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ब्रह्मस्थान पुल को भी मंजूरी मिल सकती है।

अमनमणि- मुन्ना सिंह विवाद पर बोले ऋषि त्रिपाठी—“राजनीति में भाषा की मर्यादा जरूरी”

अमनमणि त्रिपाठी और मुन्ना सिंह के बीच चल रही बयानबाजी पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है और उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक व्यक्ति को गलत भाषा और गलत शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार चल रही है और जनता के बीच सकारात्मक वातावरण है। ऐसे में राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

नौतनवां की राजनीति में 2027 के चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। हालिया राजनीतिक रिपोर्टों में भी अमरमणि त्रिपाठी और उनके बेटे अमनमणि त्रिपाठी की सक्रियता के चलते नौतनवां सीट के समीकरण को लेकर चर्चा तेज होने का उल्लेख किया गया है।

अब ऋषि त्रिपाठी के विकास कार्यों को लेकर किए गए दावों और अमरमणि-अमनमणि की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच आने वाले दिनों में नौतनवां की सियासत और गरमाने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *