“पहले अपने गिरेबान में झांकिए और सही राजनीति कीजिए”
परिवार पर टिप्पणी को लेकर पूर्व विधायक मुन्ना सिंह का पलटवार, बोले—“मेरे बारे में कहिए, परिवार की तरफ उंगली उठी तो चुप नहीं बैठूंगा”
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज ! महराजगंज जिले की नौतनवां की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व विधायक मुन्ना सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान राजनीतिक विरोधियों पर जमकर साधा निशाना।
उन्होंने जमीनों पर कब्जे, परिवार और जाति को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियों से बचना चाहिए।
मुन्ना सिंह ने कहा कि उनके परिवार पर सवाल उठाने के बजाय उनके राजनीतिक काम और उनके ऊपर सवाल किए जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “शांति से रहिए और शांति से जीने दीजिए। मेरे परिवार की तरफ उंगली नहीं उठनी चाहिए। मेरे बारे में कहिए, राजनीति मेरे बारे में करिए।”
जमीन कब्जे के आरोपों पर दिया जवाब
पूर्व विधायक ने अपने ऊपर और अपने परिवार से जुड़े जमीन कब्जे के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने किसी स्कूल या निजी जमीन पर कब्जा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि लारी साहब (अब्दुल रऊफ लारी) के स्कूल, मारवाड़ी के घर, मार्डन एकेडमी या बाईपास की जमीन को किसने कब्जा किया है यह किसी से छिपा नहीं है।
मुन्ना सिंह ने आरोप लगाने वालों पर पलटवार करते हुए कहा कि पहले अपने ऊपर लगे जमीन संबंधी आरोपों का जवाब देना चाहिए और इसके बाद दूसरों पर उंगली उठानी चाहिए।
“चुनाव में बैक न हुए होते तो मैं विधायक होता”
मुन्ना सिंह ने आगामी राजनीतिक समीकरणों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि पिछले चुनाव में उन्हें राजनीतिक रूप से पीछे नहीं किया गया होता तो वह विधायक होते।
उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वह राजनीति में हैं और जनता के बीच अपने काम के आधार पर जाएंगे।
परिवार और माता-पिता पर टिप्पणी को लेकर नाराजगी
पूर्व विधायक ने कहा कि हाल में एक पूर्व विधायक द्वारा उनके पिता और परिवार को लेकर कथित टिप्पणी की जानकारी उन्हें पत्रकारों के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने अपनी बात रखने के लिए पत्रकारों को बुलाया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को उनके पिता या माता के बारे में टिप्पणी करने के बजाय उनकी राजनीति और उनके कार्यों पर सवाल करना चाहिए। उन्होंने अपने विरोधियों को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की सलाह भी दी।
“मैंने डंडे से संस्कार सीखा है”
मुन्ना सिंह ने अपने राजनीतिक तेवर को लेकर कहा कि उनके पिता ने उन्हें सख्ती के साथ संस्कार दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनता और विकास के मुद्दों पर बात करना चाहते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वह लंबे समय से राजनीति देख रहे हैं और उन्हें राजनीतिक संघर्ष से डर नहीं लगता।
विकास कार्यों का भी गिनाया हिसाब
पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल और अपने परिवार से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नौतनवां क्षेत्र में तहसील, अस्पताल, सड़क, आईटीआई सहित कई विकास कार्य हुए हैं।
उन्होंने दावा किया कि विभिन्न योजनाओं के तहत क्षेत्र में सड़क और अन्य विकास कार्य कराए गए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना या सरकार की योजनाओं के तहत हुए कार्यों का श्रेय केवल किसी एक व्यक्ति को देना उचित नहीं है।


