फार्मासिस्ट व संचालक मौके से फरार, भारी मात्रा में दवाएं सील—तीन दिन में लाइसेंस पेश करने का अल्टीमेटम
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। नौतनवां थाना क्षेत्र के मुख्य कस्बे में स्थित एक निजी अस्पताल में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित मेडिकल स्टोर के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और ड्रग टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम की अचानक छापेमारी से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में दवाइयां और मेडिकल सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में संचालित मेडिकल स्टोर को लेकर विभाग को शिकायतें मिली थीं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और ड्रग टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम के पहुंचते ही मेडिकल स्टोर से जुड़े फार्मासिस्ट और संचा लक मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान टीम को मेडिकल स्टोर के अंदर बड़ी मात्रा में दवाइयां और अन्य मेडिकल सामग्री मिली। मौके पर मौजूद अस्पताल संचालक की मौजूदगी में ड्रग टीम ने बरामद सभी दवाइयों और सामग्री को सील कर दिया। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर के संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए अस्पताल प्रबंधन को तीन दिनों का समय दिया है।


विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि मेडिकल स्टोर से संबंधित वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग और ड्रग टीम की इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोर संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मेडिकल स्टोर के संचालन को लेकर कौन-कौन से नियमों का उल्लंघन पाया गया है और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


