गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर ललाइन पैसिया के पास दर्दनाक हादसा, CCTV में कैद हुई पूरी घटना; टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर ललाइन पैसिया के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक कंटेनर को ढाबे के पास खड़ा कर खाना खाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सुकेश कुमार पुत्र लखन सिंह, निवासी जसनारा थाना क्षेत्र, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस दुर्घटना को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।
सूचना मिलने पर लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर फरार वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी है।


