परिजनों को दिया न्याय का भरोसा
सुरक्षा से लेकर अनुकंपा नौकरी तक मदद का आश्वासन !
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
पटना! भोजपुर के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में दिवंगत भरत तिवारी के पैतृक आवास पर भोजपुर के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा और एसपी अवधेश दीक्षित पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भरत तिवारी के माता-पिता, भाई और भाभी से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया।

मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। साथ ही परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके घर पर पुलिस गार्ड तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार के प्रावधानों के तहत अनुकंपा के आधार पर नौकरी और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा बिलौटी गांव में स्मारक परिसर में मिट्टी भरवाने तथा क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर भी प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल किए जाने की बात सामने आई है।

भरत तिवारी की मौत से जुड़े मामले को लेकर परिवार और स्थानीय लोगों में कई सवाल हैं। ऐसे में डीएम और एसपी का सीधे गांव पहुंचकर परिजनों से मिलना प्रशासन की संवेदनशीलता और सहायता के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।


