तीज पर्व पर सेवा भारती ने सजाए माताओं-बहनों के हाथ, निःशुल्क मेहंदी शिविर में उमड़ी भीड़

दिलीप त्रिपाठी 

नौतनवा। सनातन संस्कृति के पावन तीज पर्व के अवसर पर सेवा भारती महराजगंज द्वारा रविवार, 13 सितंबर 2026 को नौतनवा नगर की माताओं और बहनों के लिए निःशुल्क मेहंदी शिविर का आयोजन किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, नौतनवा में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर की प्रशिक्षित छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए शिविर में पहुंचीं माताओं और बहनों के हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी लगाई। निःशुल्क मेहंदी सेवा का लाभ लेने के लिए महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तीज पर्व हमारी सनातन संस्कृति में सुहाग, उमंग और खुशियों का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर सेवा भारती द्वारा माताओं और बहनों को निःशुल्क मेहंदी की सेवा उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय एवं अभिनंदनीय प्रयास है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सेवा भारती महराजगंज के पदाधिकारियों को बधाई दी।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री किशोर मद्देशिया ने शिविर में निःशुल्क मेहंदी सेवा देने वाली छात्राओं और अपनी कला का प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह, प्रधानाचार्य सरस्वती शिशु मंदिर नौतनवा ने किया, जबकि अध्यक्षता श्री निर्मल शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री दिलीप लखानी, संरक्षक सेवा भारती, एवं श्री राजा राम जायसवाल मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्री किशोर मद्देशिया, शिव सदन सहित सेवा भारती से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

शिविर में नगर की बड़ी संख्या में माताओं और बहनों की मौजूदगी रही। तीज पर्व के अवसर पर आयोजित इस पहल ने जहां महिलाओं के उत्साह को बढ़ाया, वहीं छात्राओं को अपनी कला और सेवा भावना प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *