निचलौल में चला सिंचाई विभाग का बुलडोजर, नहर की पटरियों से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

सात-पांच नहर पुल के पास जेसीबी से कार्रवाई, 130 मीटर हिस्से को कराया गया अतिक्रमण मुक्त

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज/निचलौल। नहर की पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सिंचाई विभाग ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए जेसीबी चलवाई। शिकायत के बाद सिंचाई खंड प्रथम की टीम ने सात-पांच नहर पुल के पास पहुंचकर नहर की दोनों पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराया।

सहायक अभियंता तनुश्री मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची विभागीय टीम ने मौके पर जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया। विभाग के अनुसार, नगर क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नहर की बाईं पटरी पर करीब 66 मीटर और दाईं पटरी पर करीब 64 मीटर हिस्से में अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। कुल करीब 130 मीटर हिस्से को खाली कराया गया।

बताया गया कि इस संबंध में सुभाष, असीस, सर्वेश, दिनेश और श्रीनिवास की ओर से शिकायत की गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए विभागीय टीम ने मौके पर कार्रवाई की और नहर की पटरियों पर आवागमन के रास्ते को साफ कराया।

सिंचाई विभाग का कहना है कि अतिक्रमण हटने से नहर की पटरियों पर आवागमन सुचारू होने के साथ ही विभागीय निरीक्षण और नहर के रखरखाव में भी सुविधा होगी।

कार्रवाई के बाद अब स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज हो गई है कि नहर की जमीन पर अन्य स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी विभाग इसी तरह अभियान चलाएगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *