24×7 संचालित होगा केंद्र, फरेन्दा-नौतनवा सर्किल के थानों, चौकियों और फायर स्टेशन से बेहतर होगा समन्वय
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। जिले की पुलिस संचार व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महराजगंज पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना कोल्हुई परिसर में स्थापित अतिरिक्त ग्रिड (कंट्रोल रूम) संचार केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी फरेन्दा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

अतिरिक्त ग्रिड संचार केंद्र का संचालन 24 घंटे सातों दिन किया जाएगा। इसके माध्यम से फरेन्दा और नौतनवा सर्किल के क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों, पुलिस चौकियों तथा फायर स्टेशन के आरटी सेट को बेहतर संचार नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। फरेन्दा, पुरन्दरपुर, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवा, सोनौली, परसामलिक और बरगदवा समेत संबंधित पुलिस इकाइयों के बीच संचार एवं समन्वय को इससे मजबूती मिलेगी।
पुलिस के अनुसार, महराजगंज की भौगोलिक एवं सीमावर्ती परिस्थितियों को देखते हुए यह अतिरिक्त ग्रिड महत्वपूर्ण साबित होगा। दुर्घटना, कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति, आपातकाल अथवा सीमा क्षेत्र में किसी घटना की सूचना संबंधित पुलिस टीमों तक तेजी से पहुंचाई जा सकेगी। इससे आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तत्काल तैनाती और कार्रवाई में भी मदद मिलेगी।
अतिरिक्त ग्रिड के शुरू होने से मुख्य रेडियो ग्रिड पर संचार का दबाव भी कम होगा। साथ ही थानों, चौकियों, गश्ती वाहनों और फायर स्टेशन के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नई व्यवस्था से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की रिस्पॉन्स क्षमता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।


