पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने कोल्हुई थाना परिसर में अतिरिक्त ग्रिड (कंट्रोल रूम) संचार केन्द्र का किया उद्घाटन

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! जनपद महराजगंज में पुलिस ने सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में अपनी संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक नई पहल की है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कोल्हुई थाना परिसर में बनाए गए अतिरिक्त ग्रिड (कंट्रोल रूम) संचार केंद्र का उद्घाटन किया।

यह नया संचार केंद्र 24 घंटे काम करेगा। इसके जरिए फरेन्दा और नौतनवां सर्किल के थानों, चौकियों, क्षेत्राधिकारी कार्यालयों और फायर स्टेशन को अच्छे रेडियो संचार नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे फरेन्दा, पुरन्दरपुर, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवां, सोनौली, परसामलिक और बरगदवा समेत सभी संबंधित पुलिस इकाइयों के बीच सूचनाएं और तेजी से पहुंचाई जा सकेंगी।

 

 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि किसी दुर्घटना, आपात स्थिति, कानून-व्यवस्था की समस्या या सीमावर्ती इलाके में किसी घटना की सूचना मिलने पर, उसे संबंधित टीमों तक तेजी से पहुंचाने में इस व्यवस्था से बड़ी मदद मिलेगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की जल्दी तैनाती और कार्रवाई में भी इससे सहायता मिलेगी।

इस अतिरिक्त ग्रिड के शुरू होने से मुख्य रेडियो ग्रिड पर संचार का दबाव भी कम होगा। साथ ही गश्ती वाहनों, थानों, चौकियों और फायर स्टेशन के बीच अच्छा तालमेल बनेगा।

जिले के भौगोलिक और सीमावर्ती हालात को देखते हुए संचार नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत बनाने पर लगातार काम हो रहा है। अतिरिक्त ग्रिड की शुरुआत इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *