ससुराल जाते समय नाले में डूबी मां और दो मासूम, तीनों की मौत से गांव में पसरा मातम

मायके से बच्चों के साथ निकली थी पूनम, बोकड़ा जंगल के नाले में हुआ हादसा

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के डिंगुरी गांव में ससुराल जाते समय मां समेत दो मासूम बच्चों की नाले में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतकों की पहचान पूनम पत्नी मोहित चौहान (लगभग 45 वर्ष), उनके पुत्र सोमनाथ (7) और पुत्री सुहानी (लगभग 5 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को धर्मेन्द्र निवासी डिंगुरी ने सूचना दी कि उनकी बहन पूनम अपने दोनों बच्चों के साथ मायके से ससुराल ग्राम बीट नर्सरी जा रही थीं। इस दौरान बोकड़ा जंगल स्थित नाले को पैदल पार करते समय तीनों पानी में डूब गए। बताया गया कि पूनम घरेलू सामान बोरे में लेकर बच्चों के साथ नाला पार कर रही थीं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, शवों पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूनम और उनके दोनों बच्चों की मृत्यु डूबने के कारण होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध अन्य तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि पूनम के पति मोहित चौहान बाहर रहकर पेंटर का काम करते हैं। परिवार में बच्चों की मौत से घर में गहरा शोक छा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *