पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी की फरेंदा और नौतनवां विधानसभा क्षेत्र की जनता से भावुक अपील

अपील का हो रहा है व्यापक असर

हमने आप की रक्षा की, आप की सुरक्षा की, आप का विकास किया,आप का सम्मान किया है,हमारी रक्षा कौन करेगा?

आप मेरी रक्षा करना जानते हैं क्योंकि इससे पहले भी जब मेरे ऊपर आफत पड़ी,जब हमारे ऊपर समस्या आई तो आप लोगों ने ही हमारी रक्षा की- अमर मणि त्रिपाठी पूर्व मंत्री 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! नौतनवां विधानसभा क्षेत्र से चार बार के विधायक और पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी ने फरेंदा और नौतनवां विधानसभा क्षेत्र की जनता से भावुक अपील कर सहयोग की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल होकर जो कर सकते थे, किया है। हमने आपकी रक्षा की, आपकी सुरक्षा की, आपका विकास किया और आपका सम्मान किया। हमारी रक्षा कौन करेगा? आप हमारी रक्षा अच्छी तरह करना जानते हैं, क्योंकि इसके पहले भी जब मेरे ऊपर आफत पड़ी, जब हमारे ऊपर समस्या आई, तो आप लोगों ने ही हमारी रक्षा की।

पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में लक्ष्मीपुर क्षेत्र के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीपुर का समृद्धशाली इतिहास रहा है, लेकिन क्षेत्र की दुर्दशा भी किसी से छिपी नहीं थी। पैसिया से लक्ष्मीपुर तक एकमात्र मार्ग था और आगे आने-जाने के लिए पर्याप्त संपर्क मार्ग नहीं थे।

उन्होंने दावा किया कि लक्ष्मीपुर को बेलवा और मुरली होते हुए पूरे विधानसभा क्षेत्र से जोड़ने का काम किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया। पैसिया चौराहे से लालपुर की ओर आवागमन को सुगम बनाने के लिए पुल और संपर्क मार्ग का निर्माण भी कराया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए अमर मणि त्रिपाठी ने कहा कि उनके कार्यकाल में प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल, निजी विद्यालयों, मक्तबों और मदरसों सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों को विधायक निधि से सहायता देने का काम किया गया।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ प्रदेश में अग्रणी बनाना था। अपने संबोधन में उन्होंने एक बार फिर क्षेत्र की जनता से भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भी उनके सामने मुश्किलें आईं, जनता ने उनका साथ दिया और उनकी रक्षा की।

इसी भावुक अपील को लेकर समर्थकों के बीच चर्चा तेज है और अपील का व्यापक असर होने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *