तारकेश्वर मैरिज हॉल में नाबालिग छात्र-छात्राएं मिलने से हड़कंप

वीडियो में माफी मांगते दिखे बच्चे; पुलिस ने संचालक को थाने बुलाया

नौतनवा में लव जिहाद ? पुलिस को ज्ञापन, नाबालिक स्कूली लड़कियों को बहला फुसलाकर होटल ले जाने का आरोप

FIR की मांग; CCTV और रिकॉर्ड की जांच पर जोर

महराजगंज/नौतनवा। नौतनवा नगर के वार्ड संख्या-19 स्थित तारकेश्वर मैरिज हॉल में कमरों के अंदर नाबालिग छात्र-छात्राओं के मिलने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मैरिज हॉल के संचालक को थाने बुलाकर पूछताछ की और नाबालिगों को कमरे उपलब्ध नहीं कराने की चेतावनी दी।

बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को तारकेश्वर मैरिज हॉल में स्कूली छात्र-छात्राओं के मौजूद होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे, जहां कमरों में छात्र-छात्राओं के मिलने पर आपत्ति जताई गई। स्थानीय लोगों की ओर से आरोप लगाया गया कि कुछ छात्र-छात्राएं स्कूल जाने की बात कहकर मैरिज हॉल पहुंचते थे।

वीडियो में माफी मांगते दिखे बच्चे

मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे अपनी गलती के लिए माफी मांगते और उन्हें छोड़ देने की प्रार्थना करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बच्चे कथित तौर पर उनसे गलती होने की बात कहते नजर आ रहे हैं। हालांकि, नाबालिगों की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

शिकायत के बाद FIR की मांग

मामले को लेकर करणी सेना/हिंदू रक्षा दल की ओर से भी शिकायत की गई है। संगठन के जिला अध्यक्ष सत्यम सोनी की ओर से 18 सितंबर 2026 को दिए गए शिकायती पत्र में पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ युवकों द्वारा नाबालिग स्कूली छात्राओं को कथित रूप से तारकेश्वर मैरिज हॉल में ले जाकर कमरे उपलब्ध कराए गए। शिकायतकर्ता ने उपलब्ध बताए जा रहे वीडियो और फोटो साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।

शिकायत में तारकेश्वर मैरिज हॉल के संचालक और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने के साथ CCTV फुटेज, रजिस्टर, कमरा बुकिंग से संबंधित विवरण और पहचान-पत्रों के रिकॉर्ड सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि जांच के दौरान यदि बहला-फुसलाकर ले जाने, यौन अपराध, धोखाधड़ी, दबाव या अन्य कोई अपराध सामने आता है तो लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए। नाबालिगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाल संरक्षण कानूनों के तहत आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की गई है।

थानाध्यक्ष ने कहा- मामले की जानकारी है, कड़ी कार्रवाई की जाएगी

इस संबंध में जब नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी है और प्रकरण में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की ओर से पहले मैरिज हॉल संचालक को थाने बुलाकर समझाया-बुझाया गया था और नाबालिग बच्चों को कमरे उपलब्ध नहीं कराने की चेतावनी दी गई थी। कमरा आवंटित करने से पहले नियमानुसार पहचान सत्यापन पर भी जोर दिया गया है।

मामले के सामने आने के बाद नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और मैरिज हॉल में कमरा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता की ओर से CCTV और अन्य रिकॉर्ड की जांच की मांग की गई है, जिससे पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सके।

फिलहाल पुलिस की ओर से किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है। पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *