हनुमान जी के 30वें वार्षिक उत्सव पर निकली विशाल शोभायात्रा, झांकियों और अखाड़े के करतबों ने मोहा मन
मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवा, महराजगंज। हनुमान जी की मूर्ति स्थापना के 30वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर बुधवार को महावीर अखाड़ा के तत्वावधान में नगर के नानक नगर वार्ड से भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी शामिल हुए। पूरे मार्ग पर “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

शोभायात्रा में भगवान हनुमान, राधा-कृष्ण और राम दरबार समेत विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। घोड़े, ऊंट, झांसी की रानी की वीरता पर आधारित जीवंत प्रस्तुति और बुलडोजर पर सुसज्जित विशाल धनुष लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं महावीर अखाड़ा के युवाओं ने लाठी, झंडे और पारंपरिक युद्ध कौशल के शानदार करतब प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
शोभायात्रा नानक नगर से शुरू होकर हनुमान चौक, घंटाघर चौक, अस्पताल चौराहा, जायसवाल मोहल्ला, काली मंदिर चौराहा, अटल चौक और गांधी चौक होते हुए मां बनैलिया मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
कार्यक्रम के आयोजक अंतरराष्ट्रीय राजू पहलवान ने बताया कि हनुमान जी के 30वें वार्षिक उत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने शोभायात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहभागिता की अपील की।
शोभायात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह और थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर तैनात रहे। अधिकारियों की निगरानी में शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर संरक्षक नंदलाल जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, सत्यम सोनी, अध्यक्ष जितेंद्र नायक, महामंत्री रिशु मद्धेशिया, भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल, मनोज जायसवाल, राजा वर्मा, पंकज श्रीवास्तव, अमर पहलवान, दीपक अग्रहरि, करण पहलवान, अंबर जायसवाल, अमन कसौधन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे।
