सोनौली के महुआ में आधी रात टूटा 200 साल पुराना पीपल का पेड़, 12 परिवारों के आशियाने तबाह

अचानक गिरे विशाल पेड़ से मचा हड़कंप, मकान-छतें क्षतिग्रस्त; कई लोग घायल, प्रशासन से मदद की गुहार

दिलीप त्रिपाठी 

सोनौली/महराजगंज। सोनौली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुआ में आधी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 200 साल पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से एक ही परिसर में रहने वाले 12 परिवारों के मकान और छतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। अचानक हुए इस हादसे से परिवारों में अफरा-तफरी मच गई।

पेड़ की चपेट में आने से घरों की छतों और निर्माण को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में कुछ लोगों के चोटिल होने की भी सूचना है। वहीं घर में रखा फ्रिज, कूलर समेत अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान की सुरक्षा को लेकर भी परेशानी खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना के बाद नौतनवा तहसील से खबर तैयार किए जाने तक केवल लेखपाल मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने मौके का जायजा लिया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षति का शीघ्र आकलन कर उचित आर्थिक सहायता और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि अचानक हुए इस हादसे ने उनके सामने बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है और सरकारी मदद से ही उन्हें हुए नुकसान की भरपाई में राहत मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *