दुर्गा मंदिर के सामने कपड़े की दुकान बनी आग का गोला, आसपास के दुकानदारों में हड़कंप; दमकल टीम आग बुझाने में जुटी
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। नगर के निचलौल रोड स्थित दुर्गा मंदिर के सामने मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से उठते धुएं और बाद में दिखाई देने वाली आग की लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में दुकान के अंदर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं तेज हो गया और आग की लपटें उठने लगीं। आग की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल वाहन के साथ टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया।
कपड़ों से भरी दुकान होने के कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई थी। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। आग को आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोकना भी टीम के सामने बड़ी चुनौती रही। इस दौरान एहतियात के तौर पर आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालते नजर आए।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और दमकल टीम ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल आग लगने के कारण और दुकान में हुए वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग की कार्रवाई पूरी होने और जांच के बाद ही आग के कारण तथा नुकसान का आकलन सामने आने की उम्मीद है।
