उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ! पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल को पत्र लिखकर उनके स्वतंत्र रूप से सार्वजनिक जीवन में प्रवेश करने के निर्णय का स्वागत किया है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि स्थापित राजनीतिक दलों से अलग रहकर नागरिकों के बीच से नई राजनीतिक पहल करना स्वागत योग्य है। उन्होंने नागरिक अधिकार, जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों को राजनीति से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्र रूप से काम करने वाले राजनीतिक प्रयासों के कुछ मूल सरोकार समान हों, तो एक-दूसरे के प्रयासों का संज्ञान लेना और उनका सम्मान करना उचित है।
अपने पत्र में अमिताभ ठाकुर ने स्पष्ट किया कि यह किसी औपचारिक राजनीतिक प्रस्ताव अथवा तत्काल प्रतिक्रिया की अपेक्षा से नहीं लिखा गया है। उन्होंने दिव्या मित्तल के साथ स्वतंत्र राजनीति, नागरिक भागीदारी और उत्तर प्रदेश के भविष्य को लेकर अपने अनुभव एवं विचार साझा करने की इच्छा व्यक्त की है।
