पिता की कमी आजीवन खलती रहेगी लेकिन उनके आदर्श हमें प्रेरणा देते रहेंगे – सुप्रिया श्रीनेत
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जिले के पूर्व सांसद स्व. हर्षवर्धन की 10 वीं पुण्यतिथि रविवार 4 अक्टूबर 2026 को फरेंदा क्षेत्र के जंगल जोगियाबारी स्थित उनके पैतृक गांव में मनाई गई। इस दौरान लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद की पुत्री व कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि उनके पिता का पूरा राजनैतिक जीवन संघर्ष पूर्ण था, लेकिन नेतृत्व क्षमता के कारण उनके रास्ते आसान होते गए। विभिन्न मुद्दों पर उन्होंने सड़क के साथ ही कानूनी लड़ाई भी लड़ी। उन्होंने अन्याय व अत्याचार के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। जनसमस्याओं को लेकर उनकी आवाज हमेशा बुलंद रहती थी।


सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि पिता की कमी आजीवन खलती रहेगी, लेकिन उनके आदर्श हमें आजीवन प्रेरणा देते रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनकी बेटी और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह, पूर्व विधायक श्रीपत आजाद, पूर्व विधायक सुदामा प्रसाद, पूर्व चेयरमैन जय प्रकाश लाल, पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह बबलू,विनोद कुमार सिंह, डॉ रामनारायन चौरसिया, संचालनकर्ता त्रिभुवन नारायण मिश्रा, तथा क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।


सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके जनसेवा के कार्यों को याद किया।
