डिजिटल शिक्षा से निखरेंगी बेटियों की प्रतिभाएं, योगी सरकार में खान एकेडमी से गणित-विज्ञान को नई उड़ान

80,078 छात्राएं पंजीकृत, 66,996 के अकाउंट सक्रिय

मनोज कुमार त्रिपाठी 

लखनऊ, 21 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में बालिका शिक्षा को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की छात्राओं को गणित और विज्ञान में दक्ष बनाने के लिए खान एकेडमी के माध्यम से डिजिटल अभ्यास कराया जा रहा है।

खान एकेडमी की 1 से 15 अक्टूबर तक की प्रदर्शन रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 96 प्रतिशत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय इस डिजिटल मंच पर पंजीकृत हैं। कुल 80,078 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 66,996 ने अपने अकाउंट सक्रिय कर लिए हैं। वहीं, 30,503 छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत हासिल किया है।

सहारनपुर, गाजियाबाद और खीरी का शानदार प्रदर्शन

जनपदवार प्रदर्शन में सहारनपुर, गाजियाबाद और खीरी की छात्राओं ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। रिपोर्ट के मुताबिक, सहारनपुर में 92 प्रतिशत, गाजियाबाद में 89 प्रतिशत और खीरी में 81 प्रतिशत छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत पूरा किया।

गणित और विज्ञान में दक्षता बढ़ाने पर जोर

 

 

खान एकेडमी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक छात्रा को गणित और विज्ञान में कम से कम चार-चार कौशलों में प्रोफिशिएंट या मास्टर्ड स्तर हासिल करने का लक्ष्य दिया गया है। डिजिटल मंच के जरिए छात्राओं को नियमित अभ्यास करने और विषयों की समझ बेहतर बनाने का अवसर मिल रहा है। इससे उनकी शैक्षिक दक्षता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश सरकार का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना है। शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास के माध्यम से छात्राओं को निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। खान एकेडमी के माध्यम से गणित और विज्ञान में दक्षता विकसित करने की पहल बालिका सशक्तीकरण को नई दिशा देगी।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि खान एकेडमी के जरिए छात्राओं को गणित और विज्ञान के कौशल विकसित करने के लिए डिजिटल अभ्यास का अवसर मिल रहा है। विभाग का प्रयास है कि विद्यालयों में इस मंच का प्रभावी उपयोग हो और अधिक से अधिक छात्राएं निर्धारित शिक्षण लक्ष्यों को प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *