वीर एकलव्य की मूर्ति स्थापना समारोह 31 मार्च को

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जिले के फरेंदा तहसील क्षेत्र अंतर्गत धानी विकासखंड के ग्राम पुरंदरपुर स्थित बेलनाहवा चौराहा पर दिनांक 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को स्थानीय नागरिकों के सहयोग से वीर एकलव्य की प्रतिमा स्थापना समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस गरिमामय अवसर पर फरेंदा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय वीरेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

भारतीय परंपरा और महाभारतकालीन कथाओं के अनुसार, लगभग 3000 वर्ष पूर्व निषादराज हिरण्यधनु के पुत्र एकलव्य अद्वितीय प्रतिभा और अदम्य संकल्प के प्रतीक थे। वे धनुर्विद्या सीखने के लिए गुरु द्रोणाचार्य के पास गए, किन्तु सामाजिक व्यवस्था के कारण उन्हें शिक्षा देने से इंकार कर दिया गया। इसके पश्चात एकलव्य ने स्वयं गुरु द्रोणाचार्य की प्रतिमा स्थापित कर, उसे गुरु मानते हुए कठोर साधना और अभ्यास के बल पर धनुर्विद्या में अप्रतिम दक्षता प्राप्त की।

जब उनकी प्रतिभा और कीर्ति दूर-दूर तक फैल गई, तब गुरु द्रोणाचार्य ने उनकी परीक्षा लेने के लिए गुरुदक्षिणा स्वरूप उनका दाहिना अंगूठा माँगा। एकलव्य ने बिना किसी संकोच के अपना अंगूठा अर्पित कर दिया और गुरु-भक्ति, समर्पण तथा त्याग की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जो आज भी प्रेरणा का स्रोत है।

यह समारोह न केवल एक प्रतिमा की स्थापना का अवसर है, बल्कि त्याग, समर्पण, आत्मबल और शिक्षा के प्रति अटूट निष्ठा जैसे महान आदर्शों को स्मरण करने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सभी सम्मानित नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

उक्त जानकारी कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ रामनारायन चौरसिया ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *