महराजगंज में धनतेरस और दीपावली पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

कोई भी संदिग्ध दिखे तो पुलिस को तुरंत सूचना दें- एसपी 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, प्रमुख व्यापारियों और स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की।

एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारी अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करें और आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। 

एसपी ने व्यापारियों और स्वर्ण व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि अधिक मात्रा में नकदी या कीमती सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की जरूरत होने पर वे संबंधित थाने से संपर्क कर पुलिस सुरक्षा के लिए सहयोग मांग सकते हैं। उन्होंने पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी समय पर पुलिस को दें, ताकि उनका निस्तारण किया जा सके। बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल में खरीदारी का अवसर उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। 

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, प्रमुख व्यापारी और स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *